UP Board 10th 12th Exam 2022 date sheet : यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा की तारीखों का ऐलान बहुत जल्द हो सकता है। बताया जा रहा है कि डेटशीट को काफी हद तक अंतिम रूप दिया जा चुका है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के चलते यूपी बोर्ड परीक्षा की तिथियों की घोषणा में देरी हो रही है। उत्तर प्रदेश के माध्यमिक स्तर के स्कूलों के 2022 के कैलेंडर में बोर्ड परीक्षा के लिए 15 दिन निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा कुछ दिनों पहले उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने स्पष्ट किया था कि विधानसभा चुनाव के बाद ही बोर्ड परीक्षाएं होंगी। प्री बोर्ड परीक्षाएं चुनाव के पहले करवाई जाएंगी।
माना जा रहा है कि यूपी बोर्ड की हाई स्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 24 अप्रैल के आसपास शुरू हो सकती हैं। योजना है कि 16 से 18 दिनों में 10वीं और 12वीं दोनों की परीक्षाएं करा ली जाएंगी। वहीं प्री बोर्ड की परीक्षाएं जनवरी में होंगी।
यूपी बोर्ड में प्री बोर्ड परीक्षाएं पिछले सत्र से ही अनिवार्य की गई हैं। इससे पहले स्कूल अपने स्तर से इसे कराते थे। लेकिन इस बार हर लिखित परीक्षा व प्रायोगिक परीक्षा के नम्बर वेबसाइट पर अपलोड किए जा रहे हैं।
यूपी बोर्ड परीक्षा के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा केंद्रों का निर्धारण 9 जनवरी तक होने की उम्मीद है। बोर्ड परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के लिए स्कूलों द्वारा अपलोड जानकारी का सत्यापन तहसील स्तरीय टीम ने कर लिया है। डीआईओएस स्तर से जांच के बाद जांच रिपोर्ट सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज को भेजी जाएगी। वहां से परीक्षा केन्द्रों का निर्धारण हो जाएगा।
0 Comments:
Post a Comment